PM Kisan 21th Installment: 21वीं किस्त की तारीख घोषित होने का इंतजार, जानिए कब आएंगे किसानों के खाते में पैसे
PM Kisan 21th Installment: देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना के तहत किसानों को साल में तीन बार दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। हर किसान इस योजना की अगली यानी 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। चलिए जानते हैं कि यह किस्त कब तक जारी हो सकती है और किन किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
पीएम किसान योजना क्या है?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए की गई थी। इस योजना के तहत देश के पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये की राशि दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में उनके बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद देना है।
21वीं किस्त कब तक आ सकती है
पिछली यानी 20वीं किस्त दो अगस्त 2025 को किसानों के खातों में भेजी गई थी। अगर पिछले पैटर्न को देखा जाए तो हर किस्त लगभग चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती है। इस आधार पर उम्मीद की जा रही है कि 21वीं किस्त नवंबर महीने के मध्य तक किसानों के खातों में पहुंच सकती है। सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार बिहार चुनाव के नतीजों के बाद यानी 14 नवंबर के बाद इस किस्त को जारी कर सकती है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा का इंतजार अभी बाकी है।
किन किसानों को मिल चुकी है 21वीं किस्त
केंद्र सरकार ने सितंबर 2025 में कुछ राज्यों के किसानों को पहले ही 21वीं किस्त का लाभ दे दिया है। उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में यह राशि भेजी गई थी। इन राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए सरकार ने समय से पहले भुगतान किया था।
देश के बाकी राज्यों के किसानों को अब भी किस्त का इंतजार है। सरकार की ओर से संकेत मिल रहे हैं कि नवंबर के अंत तक सभी पात्र किसानों के बैंक खातों में 21वीं किस्त पहुंच जाएगी। इसलिए किसानों को फिलहाल थोड़ी और प्रतीक्षा करनी होगी। लेकिन यह सुनिश्चित है कि बिहार चुनावों के बाद ही इसका वितरण शुरू होगा।
पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए जरूरी शर्तें
अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं तो सुनिश्चित करें कि आपके सभी जरूरी दस्तावेज और सत्यापन पूरे हों। इन दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को पूरा न करने वाले किसानों को किस्त का लाभ नहीं मिल पाता। लाभ पाने के लिए निम्न कार्य जरूरी हैं –
- किसान का आधार कार्ड योजना से लिंक होना चाहिए।
- ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए।
- भूमि सत्यापन यानी भू-सत्यापन जरूरी है।
- बैंक खाता योजना से जुड़ा और सक्रिय होना चाहिए।
कैसे जांचें अपनी किस्त की स्थिति
किसानों को अपनी किस्त की स्थिति जांचने के लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा। वहां किसान को Beneficiary Status के विकल्प पर क्लिक करना होता है। इसके बाद अपना पंजीकरण नंबर या मोबाइल नंबर डालकर किस्त की स्थिति देखी जा सकती है। अगर भुगतान दिख रहा है तो किस्त जल्द ही आपके खाते में पहुंच जाएगी।